जिले में पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अभियान के रूप में कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी है।

अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के माध्यम से पात्र परिवारों तक पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इस कार्य में महिला एवं बाल विकास विभाग का मैदानी अमला सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ( AWW) द्वारा निर्धारित लक्ष्य 7,593 के विरुद्ध 5,637 आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य किया जा चुका है। इसी प्रकार आंगनबाड़ी सहायिकाओं ( AWH) द्वारा निर्धारित लक्ष्य 7,424 के विरुद्ध 5,423 कार्ड बनाए जा चुके हैं।

आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। शेष पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाने के लिए मैदानी स्तर पर कार्यवाही निरंतर जारी है।

जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि अभियान में गति बनाए रखते हुए शेष पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनवाए जाएं, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।