मैराथन दौड़ में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने लिया हिस्सा

विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर किया सम्मानित

विधिक सेवा सप्ताह के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर द्वारा रविवार को विधिक जागरूकता मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जिला न्यायालय परिसर से शुरू हुई लगभग 4 किलोमीटर लंबी इस दौड़ के माध्यम से आमजन को विधिक अधिकारों और कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया गया। मैराथन का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ललित किशोर ने हरी झंडी दिखाकर किया। मैराथन दौड़ जिला न्यायालय के मुख्य द्वार क्रमांक-1 से शुरू होकर अलकापुरी, गोविंदपुरी चौराहा, सिटी सेंटर, बीएसएनएल कार्यालय और जीवाजी विश्वविद्यालय गेट होते हुए उच्च न्यायालय के मार्ग से जिला न्यायालय के द्वार क्रमांक-2 पर पहुँची और यहीं पर दौड़ का समापन हुआ।

इस आयोजन में विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटीज) श्री नवीन शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री विवेक कुमार सिंह, जिला न्यायालय के न्यायाधीशगण, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी, पैरालीगल वॉलंटियर्स, लीगल डिफेंस काउंसिल, पैनल अधिवक्तागण सहित आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन दौड़ में प्रथम स्थान पर जिला न्यायाधीश श्री प्रदीप कुमार दुबे, द्वितीय स्थान पर जिला न्यायाधीश श्री व्ही.पी.एस. चौहान तथा तृतीय स्थान पर न्यायिक कर्मचारी श्री जसवंत सिंह रहे। समापन अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। ज्ञात हो राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी 14 से 20 नवम्बर तक विधिक सप्ताह के तहत विधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित हो रही हैं।