जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को समर्पित राज्य स्तरीय भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। इस अवसर पर राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में 15 नवम्बर को धार एवं जोबट (जिला आलीराजपुर) तथा 16 नवम्बर को खंडवा जिले में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। धार में 15 नवम्बर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 नवम्बर को धार पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार में रोड शो भी करेंगे। रोड शो के दौरान वे क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को मिल रहे लाभों के संबंध में फीडबैक प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व अधिकार पंजीयन) के अंतर्गत पात्र पट्टेधारियों के भूखंड एवं मकानों की रजिस्ट्री का निष्पादन भी अपने समक्ष कराएंगे। इसके साथ ही जिलेवासियों को करोड़ों रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर को और अधिक यादगार बनाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव 15 नवम्बर को ही डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वपूर्ण परियोजना से धार एवं आलीराजपुर जिले के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा जल उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा किसानों की सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
इन आयोजनों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का स्मरण करने के साथ ही जनजातीय अंचलों में विकास, जनकल्याण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के संकल्प को भी मजबूती मिलेगी।
