0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बैढ़न सभागार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में पीरामल फाउंडेशन एवं कैवल्या एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘नींव’ कार्यक्रम अंतर्गत सरपंचों, सचिवों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायतों को बाल हितैषी बनाने तथा उपलब्ध संसाधनों एवं शासकीय योजनाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा एवं अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में आंगनवाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ करने, बच्चों के नियमित स्वास्थ्य एवं पोषण की निगरानी, आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकन एवं उपस्थिति बढ़ाने तथा अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
साथ ही पंचायत मैनेजमेंट यूनिट के गठन की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से प्रत्येक माह पंचायत स्तर पर बैठक आयोजित कर बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास एवं टीकाकरण की समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यक सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बताया गया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायत, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग, अभिभावकों तथा समुदाय का समन्वित प्रयास आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए बाल-अनुकूल वातावरण विकसित करने तथा 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं समग्र विकास को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव तथा पीरामल फाउंडेशन से तुलसी कुशवाहा, पुनीत, मुस्कान, ज्योति एवं प्रभात उपस्थित रहे।

