राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने शुक्रवार को भोपाल के "लोक भवन" में आयोजित गरिमामय आयोजन में भारतीय रेडक्रॉस की जिला शाखाओं को प्रदाय की जाने वाली 6 एंबुलेंस का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा के अध्यक्ष श्री श्याम सिंह कुमरे, सचिव श्री रामेन्द्र सिंह, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी एवं भारतीय रेडक्रॉस की जिला इकाइयों के पदाधिकारी और लोक भवन चिकित्सालय के चिकित्सक मौजूद थे।

राज्यपाल श्री पटेल ने जिला शाखाओं को प्रदान की जा रही प्रत्येक एंबुलेंस का सनातन परंपरा के अनुसार विधिवत पूजन किया। वाहनों को झंडी दिखाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। लोकार्पण समारोह में एन.एच.डी.सी. लिमिटेड भोपाल के द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी मद से स्वीकृत एंबुलेंस भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा खण्डवा, सिवनी, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, नरसिंहपुर एवं भोपाल को प्रदाय की गई है।

इस अवसर पर रेडक्रॉस समिति खंडवा के चेयरमैन श्री अखिलेश गुप्ता, सचिव श्री भानुभाई पटेल, अनिल बाहेती, श्री रविंद्र सिंह एवं एच.आर. पांडे सहित प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों ने भोपाल में एंबुलेंस ग्रहण की और राज्यपाल श्री पटेल का आभार प्रकट किया।