अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय सीधी में बुजुर्गों के सम्मान एवं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में “वृद्ध जन दिवस जिला सीधी” थीम पर आकर्षक रंगोली बनाकर वृद्धजनों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी इसरानी ने वृद्धजनों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान बुजुर्ग मरीजों का ब्लड प्रेशर, शुगर, नेत्र परीक्षण एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आवश्यकतानुसार उन्हें निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।

सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी इसरानी ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को सीख मिलती है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में एनपीएचसीई कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर, वार्ड एवं निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बुजुर्गों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से वृद्धजनों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।