‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत करैरा स्थित पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में “मेरे सपनों का भारत” विषय पर राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए क्षेत्रीय विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक ने छात्राओं द्वारा उकेरी गई चित्रकला एवं उनकी रचनात्मकता की जमकर सराहना की।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ऐसे आयोजनों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है तथा सेवा संकल्प अभियान को जन-जन का अभियान बनाना है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रही छात्राओं से संवाद कर उनके चित्रों के बारे में जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका सोनिका गुप्ता के निर्देशन में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ‘मेरा देश बदल रहा है, हम भी बदल रहे हैं’ विषय पर केंद्रित कव्वाली नृत्य ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। प्रतियोगिताओं के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

चित्रकला में दिखा विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का रूप कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं द्वारा बनाई गई विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया। छात्राओं ने अपनी चित्रकला के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। अतिथियों ने कहा कि युवा पीढ़ी के सपनों और विचारों में ही विकसित भारत की मजबूत नींव निहित है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित आयोजन में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी डॉ. अरविंद बेडर, एडवोकेट धनीराम यादव, वीनस गोयल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजीव सिकरवार, चंदू सक्सेना, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुकेश शर्मा, संकुल प्राचार्य बृजेन्द्र सिंह बैस, शिक्षिका श्रीमती कविता अग्रवाल, धर्मेंद्र जैन, संध्या त्रिपाठी, पार्षद दीपक गुप्ता, अटल तिवारी, विधायक प्रतिनिधि पवन निगौती, प्रदीप गुप्ता, सुरेश शर्मा, शिक्षक राकेश जोशी, आर.आर. वैरागी, नीरज गुप्ता, सुल्तान वेग, जयेन्द्र पाल सहित अन्य शिक्षकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।