मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह के माध्यम से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना अंतर्गत वृंदावन ग्रामों में चयनित 466 विजयी पशुपालकों को 2 करोड 95 लाख की पुरस्कार राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। साथ ही, प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड 66 लाख की अनुदान राशि का अंतरण भी किया गया।
उक्त राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण श्री गोपाल गोशाला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, सहरिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय, गोपाल गोशाला के अध्यक्ष श्री कैलाशनारायण गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री दुर्गाप्रसाद अग्रवाल, श्री सुगनचंद मीणा, महामंडलेश्वर संत महाराज श्री कृष्णबिहारी दास जी, श्री दिनेश दुबोलिया, भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री श्री अभिषेक जागिड, श्री हेमंत गौतम, एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, उप संचालक पशुपालन डॉ सुभाषबाबू दौहरे सहित कृषि, उद्यानिकी विभागों के अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
श्री गोपाल गौशाला प्रबंध समिति एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग के तत्वाधान में आयोजित उक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि गोवर्धन पूजन 5 दिवसीय दीपावली पर्व का महत्वपूर्ण अवसर है, उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था एवं सनातन परंपरा में विशेष स्थान रखती हैं। गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण, पशुधन एवं मानव जीवन के बीच गहरे संबंध का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्योपुर जिले का गोपालन में महत्वपूर्ण स्थान है, यहां गौधन पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है, गोरस सहित अन्य ग्रामों में देशी गिर नस्ल की गायों के माध्यम से दूध का उत्पादन भी पर्याप्त मात्रा में होता है। उन्होंने बताया कि शासन की मंशानुरूप जिले में दूध उत्पादन बढाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है तथा सहकारिता और पशुपालन विभाग के माध्यम से दूग्ध उत्पादन समितियों का गठन कर पशुपालको को जोडने का कार्य किया जा रहा है। स्थानीय कार्यक्रम के दौरान महामंडलेश्वर संत महाराज श्री कृष्णबिहारी दास जी द्वारा गौमाता के महत्व तथा धार्मिक आस्थाओं, मान्यताओं और परम्पराओं पर आधारित दृष्टांत के माध्यम से गोपालन और गोसेवा का संदेश दिया। इसके पूर्व गोपाल गौशाला समिति के अध्यक्ष श्री कैलाशनारायण गुप्ता द्वारा स्वागत भाषण देते हुए गोवर्धन पूजा के महत्व को धर्म एवं प्रकृति के परिपेक्ष्य में प्रतिपादित किया। कार्यक्रम का संचालन उप संचालक पशुपालन डॉ सुभाषबाबू दौहरे द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत में उपस्थित सभी अतिथियों द्वारा विधि विधान से गोवर्धन पूजन किया गया तथा श्री गिर्राजधरण की आरती की गई।
गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत 6 गौपालक सम्मानित
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान श्योपुर जिले के वृंदावन ग्राम नागदा एवं श्यामपुर में आयोजित गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के 6 गौपालको को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रशस्ती पत्र भी प्रदान किये गये। इस अवसर पर नागदा में आयोजित प्रतियोगिता में श्रीमती रामपति को प्रथम पुरस्कार के लिए, श्री जुगराज सुमन को द्वितीय पुरस्कार के लिए तथा श्री जुगराज गुर्जर को तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया। इसी प्रकार ग्राम श्यामपुर में आयोजित प्रतियोगिता के प्रथम विजेता श्री श्री बंटी रावत, द्वितीय पुरस्कार के लिए श्रीमती मनीषा संजीव रावत एवं तृतीय स्थान के लिए श्री बुद्धमान सिंह कुशवाह को सम्मानित किया गया। इन सभी गौपालको को उनके द्वारा पाली जा रही गाय के दुग्ध उत्पादन के आधार पर आयोजित हुई प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित किया गया था, राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से इन सभी विजेताओं को भी प्रथम पुरस्कार के लिए 01 लाख रूपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 50 हजार रूपये तथा तृतीय पुरस्कार के लिए 25 हजार रूपये की राशि बैंक खाते में प्राप्त हुई है।
गौ सेवको एवं गौमेत्री भी हुए सम्मानित
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान गोसेवा का कार्य करने वाले गोसवको को भी प्रशस्ती पत्र प्रदान किये गये, जिसमें राष्ट्रीय गोसेवा संघ के अध्यक्ष श्री किम्मी गौतम तथा माधव गोसेवा समिति के सदस्य श्री हर्ष दौहरे, श्री केशव आर्य, श्री शिवा यादव, श्री रवि मोहार शामिल है। इसके अलावा गौमेत्री का कार्य करने वाले श्री हरिराम गुर्जर, श्री काडू सुमन, श्री महावीर बैरवा, श्री रोशन बैरवा एवं श्री विनोद टैगोर को भी प्रशस्ती पत्र प्रदान किये गये।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा इस अवसर पर श्री गोपाल गोशाला का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष श्री कैलाश नारायण गुप्ता द्वारा गौशाला में उपलब्ध गौवंश तथा उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं और प्रबंधन के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
