कभी घर में खिलखिलाने वाला मासूम रेयांश बर्मन अपने जन्म से ही एक ऐसी बीमारी से जूझ रहा था, जिसने उसके माता-पिता के मन में हर दिन एक डर पैदा कर रखा था। वार्ड क्रमांक 03, शहडोल निवासी रेयांश, पिता श्री राजकिशोर बर्मन जन्मजात हृदय संबंधी विकृति से पीड़ित था। माता-पिता के मन में एक ही सवाल था, क्या उनका बच्चा स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी पाएगा।
इसी बीच राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम आरबीएसके की टीम ने रेयांश के जीवन में उम्मीद की एक नई किरण जगाई। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आरबीएसके चिकित्सक ने बच्चे में जन्मजात हृदय संबंधी विकृति की पहचान की। समय पर पहचान के बाद उसे आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र डीईआईसी रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा के मार्गदर्शन में रेयांश के उपचार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र की प्रबंधक कंचन पटेल ने बच्चे के माता-पिता को योजना की जानकारी देकर उनका पंजीयन कराया तथा निःशुल्क इको जांच कराई। उस समय परिवार बेहद चिंतित था। बच्चे की बीमारी और उसके उपचार को लेकर माता-पिता के मन में कई सवाल थे और उन्हें यह चिंता सताती थी कि उनका बच्चा इस बीमारी से उबर पाएगा या नहीं।
डीईआईसी द्वारा आवश्यक प्रबंधन एवं समन्वय के माध्यम से रेयांश के उपचार की आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। इसके बाद 11 जुलाई 2026 को एसआरसीसी चिल्ड्रेन्स हॉस्पिटल मुम्बई में रेयांश का सफल ऑपरेशन किया गया। उपचार, जांच और ऑपरेशन का पूरा खर्च शासन द्वारा आरबीएसके योजना के माध्यम से निःशुल्क किया गया।
ऑपरेशन के बाद जब रेयांश के स्वास्थ्य में सुधार होने लगा तो उसके माता-पिता की चिंता धीरे-धीरे खुशी में बदलने लगी। जिस मासूम के भविष्य को लेकर परिवार की आंखों में कभी डर था, उसी बच्चे को स्वस्थ होता देखकर परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई। उनके लिए यह केवल एक सफल ऑपरेशन नहीं, बल्कि उनके बच्चे को मिला नया जीवन और नई उम्मीद थी।
रेयांश के परिजनों ने इस कठिन समय में सहयोग और मार्गदर्शन के लिए जिला कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, डीईआईसी तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
रेयांश की कहानी यह बताती है कि समय पर बीमारी की पहचान और सही समय पर उपचार किसी बच्चे का पूरा भविष्य बदल सकता है। आरबीएसके के माध्यम से जन्मजात विकृतियों की पहचान, रेफरल और उपचार की व्यवस्था ने रेयांश को स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ने का अवसर दिया। आज उसके परिवार के लिए उसकी मुस्कान ही सबसे बड़ी खुशी है। रेयांश के स्वस्थ होने पर उनके माता पिता ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बाल ह्रदय उपचार योजना संचालित करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

