मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति की दिशा में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित संपर्क अभियान-2026 के तहत सीहोर वृत्त में 455 शिविरों के माध्यम से 10,990 बिजली संबंधी शिकायतों का निराकरण किया गया। अभियान का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का उनके घर के नजदीक त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है।

शिविरों में मुख्य रूप से गलत बिजली बिल, मीटर रीडिंग और बिलिंग संबंधी शिकायतों का निराकरण किया गया। इसके साथ ही नाम एवं श्रेणी परिवर्तन, स्थायी और अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी), खराब मीटर बदलने, स्मार्ट मीटर, सर्विस केबल और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया गया।

अभियान के दौरान मात्र 5 रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन प्रदान किए गए। उपभोक्ताओं को बिजली बिलों के आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट तथा बकाया राशि जमा करने सहित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ भी उपलब्ध कराया गया।