नगर परिषद जेरोन खालसा में उप निर्वाचन के मद्देनजर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक भी फ्लैग मार्च में हुए शामिल, शांतिपूर्ण मतदान का दिया संदेश

नगर परिषद जेरोन खालसा में नगर परिषद अध्यक्ष को वापस बुलाने के संबंध में 04 नवंबर 2026 को होने वाले उप निर्वाचन के मद्देनजर जिला पुलिस बल द्वारा नगर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया भी शामिल हुए। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने नगर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण किया। इसका उद्देश्य निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना तथा शांतिपूर्ण एवं निर्भीक वातावरण में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराना है।

इस अवसर पर अधिकारियों ने निर्वाचन संबंधी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। पुलिस द्वारा आम नागरिकों से निर्वाचन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।