मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को थांदला विकासखंड के हरिनगर में जन-विश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

शिविर में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों सहित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी एवं अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित आवेदनों का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर निराकरण किया जाएगा।

अभियान के दौरान मैदानी भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। साथ ही जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं एवं सुझाव सुने जाएंगे तथा उद्यम संवाद में स्थानीय उद्यमियों से स्वरोजगार, उद्योग एवं व्यवसाय से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने संबंधित अधिकारियों को शिविर की समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने एवं प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता से समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।