बाल विवाह रोकथाम की दिलाई जाएगी शपथ
हरदा 12 नवंबर 2026/ जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और आमजन में जागरूकता लाने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता लाने के लिए रैली, शपथ, निबंध, भाषण एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में भी जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संगठनों एवं सामुदायिक प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
27 नवंबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन
बाल विवाह उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर 2026 को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में बाल विवाह रोकथाम के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह नहीं करने और इसे रोकने में सहयोग करने की शपथ दिलाई जाएगी।
बाल विवाह की सूचना मिलने पर होगी त्वरित कार्रवाई कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि जिले में बाल विवाह की संभावित घटनाओं पर सतत निगरानी रखी जाए। कहीं भी बाल विवाह होने की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से नियमानुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बाल विवाह की घटनाओं को रोका जा सके।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ आयोजित सभी गतिविधियों एवं की गई कार्रवाई का अभिलेख संधारित करने तथा प्रगति प्रतिवेदन जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, हरदा को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।