मद्य निषेध सप्ताह के समापन समारोह 8 अक्टूबर को आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में दिव्यांगजनों, वृद्धजनों को सहायक उपकरण वितरण हेतु चिन्हांकन शिविर का आयोजन भी किया जायेगा। चिन्हांकन शिविर में चिन्हित हुए दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों को आगामी दिनों में सहायक उपकरणों का वितरण किया जायेगा। दिव्यांगजनों, वृद्धजनों (वयोश्री) को सहायक उपकरण वितरण के लिये चिन्हांकन शिविर का आयोजन परमानंद सिंधी हिन्दू धर्मशाला गजराराजा स्कूल के पास सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जायेगा। प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह के नेतृत्व में दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस चिन्हांकन शिविर में अधिक से अधिक दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका चिन्हांकन किया जायेगा।

चिन्हित हितग्राहियों को आगामी दिनों में सहायक उपकरण वितरित किए जायेंगे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत ने जिले के समस्त सचिव और रोजगार सहायकों को पत्र लिखकर चिन्हांकन शिविर में अधिक से अधिक दिव्यांगजन और वृद्धजनों को भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शिविर में दिव्यांगजनों को आधारकार्ड, यूडीआईडी कार्ड, आय प्रमाण-पत्र अथवा पेंशन आदेश लाना होगा। इसके साथ ही वृद्धजनों जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक हो उन्हें आधारकार्ड, आयकरदाता न होने का प्रमाण-पत्र, पेंशन आदेश लेकर आना होगा।