जिले के किरनापुर विकासखंड अंतर्गत गोदरी से बटकरी एवं भालवा से खपराझारी मार्ग के संधारण और नवीनीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क इकाई क्रमांक-02 की महाप्रबंधक सुश्री माया मनीष परते ने बताया कि ये दोनों मार्ग पैकेज क्रमांक MP01PTN 088 के अंतर्गत आते हैं तथा वर्तमान में 10 वर्षीय संधारण अवधि में हैं। इन मार्गों का समय-समय पर आवश्यकतानुसार संधारण कार्य कराया जा रहा है।
महाप्रबंधक सुश्री परते ने बताया कि पूर्व में वर्षा ऋतु होने के कारण दोनों मार्गों पर रिन्यूवल (नवीनीकरण) का कार्य नहीं कराया जा सका था। वर्तमान में गोदरी से बटकरी मार्ग पर 100 प्रतिशत रिन्यूवल कार्य कराने के लिए मुख्य महाप्रबंधक, जबलपुर से अनुमति प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि मार्गों पर रिन्यूवल कार्य प्रारंभ करने के लिए संविदाकार द्वारा बिटुमेन का ऑर्डर दे दिया गया है। फिलहाल बिटुमेन बालाघाट नहीं पहुंचा है। बिटुमेन की आपूर्ति होते ही मार्गों पर आवश्यक संधारण एवं रिन्यूवल का कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा मार्गों की स्थिति में सुधार होगा।


