वाराणसी-वडनगर सेवा यात्रा, सेवा संवाद कार्यक्रम एवं सेवा से संकल्प अभियान 2026’ का सोमवार, 28 सितंबर को नगर पालिका परिषद बालाघाट में आगमन हुआ। यात्रा के नगर आगमन पर नगर पालिका अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।स्वागत कार्यक्रम के बाद यात्रा में शामिल अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सफाई मित्रों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, नगर पालिका परिषद बालाघाट की अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीसिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन, सभापति, पार्षदगण एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से अतिथियों ने संवाद किया।

पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राही श्री विनय कुमार सिंह एवं श्री सुनील जायसवाल से योजना के माध्यम से प्राप्त लाभ और उनके अनुभवों की जानकारी ली गई। इसी प्रकार आयुष्मान कार्ड योजना के लाभार्थियों से भी संवाद कर योजना से मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।महिला सशक्तिकरण एवं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका से जुड़ी महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।

इस दौरान उज्ज्वला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती रानी फूलसुंघे से समूह की गतिविधियों एवं उससे प्राप्त लाभ के संबंध में जानकारी ली गई। इसके अलावा शासन की विभिन्न अन्य योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से भी संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली गई।कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से सीधे संवाद स्थापित करना और योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों एवं उनके अनुभवों को साझा करना रहा। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ सहभागिता की।